फिरोजाबाद/नारखी। थाना नारखी के ग्राम नगला रामकुंवरि में बिजलीघर के पास लगी डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को बुधवार रात किसी सिरफिरे ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर अनुयायियों में आक्रोश फैल गया। बिजलीघर पर भीड़ जुट गई। तोड़फोड़ की कोशिश की गई। एसडीएम सदर एवं सीओ टूंडला पहुंच गए। प्रशासन ने दूसरी प्रतिमा लगवाकर मामले को शांत कराया।
एसएचओ नारखी लोकेंद्र सिंह ने बाबा साहब की मूर्ति तोड़ने की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। एसडीएम सदर राजेश कुमार वर्मा, सीओ टूंडला डॉ. अरुण कुमार सिंह ने आंबेडकर अनुयायियों को आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और बाबा साहब की नई प्रतिमा लगाई जाएगी। इसके बाद अनुयायी शांत हो गए।
प्रशासन ने गुरुवार दोपहर में नई आंबेडकर की प्रतिमा को मंगाकर स्थापित करा दिया। वहीं टूटी प्रतिमा को पास में ही स्थित प्रांगण में गड्ढा खोदकर उसमें दफन कर दिया। बाबा साहब की नई प्रतिमा पर अनुयायियों ने फूलमाला पहनाई और नारेबाजी की।
बसपा नेताओं ने की निंदा
आंबेडकर प्रतिमा तोड़े जाने की बसपा नेताओं ने निंदा की। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। बसपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार वरुन, पूर्व विधायक राकेश बाबू एडवोकेट, डॉ. ज्ञान सिंह, शैलेंद्र सिंह शैले, ब्रजमोहन कश्यप, बंटी जाटव, डॉ. बारेलाल आनंद, रामगोपाल सिंह, गोल्डी राठौर आदि ग्राम नगला रामकुंवरि पहुंचे।
उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। बसपा के वरिष्ठ नेता दिगेंद्र भानुप्रताप सिंह भाष्कर की अध्यक्षता में हुई बैठक में रामगोपाल सिंह व राजबहादुर सिंह निरंकारी, संत कुमार, ओमसेवक, ललतेश, प्रीती एडवोकेट, डॉ. रामसेवक सुमन ने प्रतिमा तोड़ने की निंदा की।