फिरोजाबाद। चीन में कहर बरपा रहे कोरोना वायरस को लेकर शहर में भी अलर्ट जारी कर दिया है। व्यापार के चलते लोगों का चीन आना-जाना रहता है। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य डॉ. देवेश चतुर्वेदी ने भी वायरस की प्रभावी पहचान, सघन निगरानी और इसकी रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. एसके दीक्षित ने बताया कि इस वायरस के प्रति लोगों में जागरुकता लाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। यदि कोई संदिग्ध मरीज मिलता है तो उसकी सूचना सीएमओ कार्यालय में दी जाए। ऐसे मरीजों के लिए अलग से वार्ड बनाने को निर्देशित कर दिया गया है। उधर, चीन से कारोबार करने वाले कांच आइटमों के कारोबारियों का कहना है कि फरवरी माह तक चीन जाने का कार्यक्रम नहीं था। अब जब भी चीन का टूर बनाएंगे तो हालात देख कर ही बनाएंगे।
ऐसा फैलता है वायरस
यह बीमारी खांसने, छींकने, लार के जरिए या फिर बर्तन साझा करने से फैल सकती है। यह बीमारी फेफड़ों को संक्रमित करती है।
यह हैं लक्षण
- सिर दर्द, नाक बहना, छींक का आना, अस्थमा का बिगड़ना, निमोनिया, गले में खराश, बुखार होना, फेफड़े में सूजन आदि।