फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण सुहागनगरी में तेजी से बढ़ रहा है,। इसके बावजूद शहर में कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं हो रहा है। बाजारों में भीड़ हो रही है। बस और ट्रेनों में भी लापरवाही बरती जा रही है। न ही कोई मास्क लगा रहा है और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहा है। यहां तक कि बाहर से आने वाले सभी लोग जांच नहीं करा रहे हैं। ऐसे में कोरोना के प्रति लापरवाही कहीं भारी न पड़ जाए।
होली का पर्व का आ रहा है। दूसरी ओर अन्य जनपदों और प्रदेशों में कोरोना का असर भी बढ़ रहा है। कोरोना की स्थिति फिर से बिगड़ने के कारण लोगों ने अपने घरों पर आना शुरू कर दिया है। निर्देश हैं कि बाहर से आने वाले लोगों की शत-प्रतिशत जांच कराई जाए। स्वास्थ्य विभाग की सैंपलिंग की नोडल टीमें पूरी तरह सजग नहीं हैं। सोमवार दोपहर गोमती एक्सप्रेस फिरोजाबाद स्टेशन पर रुकी। उसमें से आने वाले किसी भी यात्री की थर्मल स्क्रीनिंग नहीं हुई, न ही कोई कोरोना जांच के सैंपल लिए गए। जबकि रेलवे स्टेशन पर जांच कराने के शासन के सख्त फरमान हैं। 70 प्रतिशत यात्री मास्क भी नहीं लगाए थे। अन्य ट्रेनों के आगमन पर भी इस तरह की लापरवाही जारी रही। वहीं रोडवेज बस स्टैंड पर किसी भी यात्री की थर्मल स्क्रीनिंग स्वास्थ्य विभाग नहीं कर रहा है। न ही रोडवेज बसों को सैनिटाइज किया जा रहा है। पिछली बार भी परदेश से आने वाले लोगों से कोरोना संक्रमण की शुरुआत हुई थी। इस बार भी बाहर से आने वाले यात्रियों पर नजर नहीं रखी जा रही है।
विक्रेताओं की हुई जांच
त्योहार के मद्देनजर बाजार में भीड़ बढ़ रही है। इसलिए पिचकारी और होली के सामान विक्रेताओं की जांच स्वास्थ्य विभाग ने की। हालांकि अभी पिचकारी और कचरी विक्रेताओं की दुकानें कम लगी हैं। इसलिए स्वास्थ्य विभाग दोबारा से इनकी जांच करेगा।
एंटीजन पर जोर
स्वास्थ्य विभाग एंटीजन जांच पर जोर दे रहा है। किंतु आरटीपीसीआर जांच कम करा रहा है। सोमवार को जनपद में कुल 2384 जांच हुईं। इसमें 2006 एंटीजन जांच जबकि 378 आरटीपीसीआर जांच की गईं।
लोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाएं
वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. नीरज गुप्ता ने कहा कि कोरेेना वायरस से बचने और लड़ने के लिए जरूरी है कि शरीर की प्रतिरोधक क्षमता बरकरार रखें। गरिष्ठ भोजन और जंक फूड से परहेज करें। विटामिन व मिनरल्स लेते रहें। बेहतर है कि भोजन में तरल पदार्थ की मात्रा अधिक रहे। विटामिन सी युक्त भोजन लिया जाए।
आरटीपीसीआर जांच को कहा
अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर स्वास्थ्य विभाग को कोरोना नियंत्रण पर निर्देश जारी किया है। 50 फीसदी से ज्यादा यात्रियों की आरटीपीसीआर जांच करने के लिए कहा है।
विभागों में नहीं हो रहा पालन
डीएम चंद्रविजय सिंह ने निर्देश दिए थे कि निजी और सरकारी प्रतिष्ठानों में बिना मास्क और सैनिटाइज के प्रवेश नहीं होगा। कोरोना हेल्पडेस्क भी लगानी होगी, लेकिन इस आदेश का पालन एक दो सरकारी दफ्तरों में छोड़ दे तो कहीं पर भी नहीं हो रहा।