टूंडला में कोरोना पॉजिटिव आए युवक के घर को सैनिटाइज करते पालिकाकर्मी
- फोटो : TUNDLA
फिरोजाबाद। जिले में बुधवार को 19 नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें महिला जिला अस्पताल की चिकित्सक सहित तीन स्वास्थ्यकर्मी, एक हेडमास्टर एवं नगर निगम के दो कर्मचारी शामिल हैं। अब जिले में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3598 हो गई है। वहीं, 3306 संक्रमित लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।
नगर निगम के दो कर्मचारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं, महिला जिला अस्पताल की एक चिकित्सक, नगरीय स्वास्थ्य केंद्र नगला बरी पर एक कर्मचारी, सीएचसी टूंडला कैंपस पर रहने वाली एक महिला स्वास्थ्यकर्मी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
रसूलपुर निवासी 19 वर्षीय मरीज, सुहागनगर सेक्टर दो निवासी 56 वर्षीय पुरुष, झलकारी नगर निवासी 55 वर्षीय पुरुष, दौलतपुर गांव निवासी 17 वर्षीय किशोर, ककरऊ कोठी निवासी 35 वर्षीय युवक, ब्रह्मपुरी नई आबादी निवासी 35 वर्षीय युवक, नई बस्ती निवासी 30 वर्षीय महिला, खतराना मोहल्ला शिकोहाबाद निवासी 20 वर्षीय युवती, एक हेडमास्टर, नगला अमान निवासी 32 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
कोराना संक्रमित लोगों के घर किए सैनिटाइज
टूंडला। नगर में दो कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। दोनों के घर व गली को पालिका टीम ने सैनिटाइज किया। वार्ड नंबर 24 शिवनगर और वार्ड नंबर 19 जैन गली में एक-एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिले हैं। सूचना पर पालिका सफाई निरीक्षक सुनील टैगोर की टीम ने दोनों के घरों व गली में सैनिटाइज किया। सुनील टैगोर ने लोगों से कहा कि कोरोना वायरस अभी समाप्त नहीं हुआ है। इससे बचने के लिए सरकार की गाइड लाइन का पालन करना जरूरी है। संवाद