फिरोजाबाद। सोमवार को कोरोना संक्रमण के कुल दस मामले जिले की संक्रमितों की सूची में जोडे़ गए हैं। इनमें छह केस नए हैं, जबकि पांच केस पुराने हैं। यह लोग पहले दूसरे जनपद में संक्रमित मिले थे, लेकिन अब इन्हें जिले की सूची में शामिल किया है। छह नए केसों में निजी अस्पताल के दो कर्मचारी और राजा का ताल का युवक कोरोना संक्रमित मिले हैं। अलीगढ़ में नौकरी करने गया जसराना के गांव झपारा का युवक भी संक्रमित मिला है। जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों का आंकडा 544 हो गया है। कोरोना संक्रमण से मौत के भी तीन मामले अब शामिल किए हैं, जबकि इनकी मौत पहले ही हो चुकी है। मौतों का आकंड़ा अब 30 हो गया है।
नगला बरी स्थित एक निजी हॉस्पिटल में कार्यरत कर्मचारी की स्वास्थ्य विभाग ने जांच कराई थी। जांच में कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। कर्मचारी को पंडित दीनदयाल विद्यालय के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया है। कर्मचारी रामगढ़ इलाके में रहने वाला है। राजा का ताल पानी की टंकी के निकट रहने वाले एक युवक को खांसी, जुकाम की शिकायत होने पर रिपोर्ट कोरोना की जांच कराई थी।
रिपोर्ट में युवक को कोरोना पॉजिटिव मिला है। युवक को कोविड अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया है। जसराना के झपारएा गांव का एक युवक अलीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। युवक की अलीगढ़ जनपद में ही मोबाइल टीम द्वारा कोरोना की जांच की गई थी। युवक की आने के बाद ही अलीगढ़ जनपद में अतरौली स्थित आइसोलशन वार्ड में भर्ती किया है।
घर आए मरीज, जनपद के आंकड़ों में अब शामिल
छपैटी निवासी की एक युवक की कोरोना जांच आगरा में कराई थी। 13 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। युवक ऑपरेशन के बाद घर वापस भी आ गया। हनुमानगंज निवासी वृद्घ की 22 जून को आगरा में कोरोना में पॉजिटिव पाया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने इन मरीजों को अपने आंकड़ों में सोमवार को जोड़ा है।
तीन मृतकों को अब किया शामिल
जलेसर रोड़ स्थित भगवान नगर निवासी महिला की डायबिटीज और बीपी बढ़ने पर आगरा में अस्पताल में भर्ती कराया था। सैंपल लेने के बाद अस्पताल में भर्ती किया था। रिपोर्ट आने से पहले ही 12 जून को महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इधर, पैमेश्वर गेट निवासी वृद्ध की 28 जून को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई थी।
तबियत बिगड़ने पर परिवारिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। यहां वृद्ध ने दम तोड़ दिया था। इधर, 16 जून को नगला सिंघी गांव निवासी वृद्धा की आगरा में मौत हो गई थी। सर्जरी के लिए इनको आगरा के निजी अस्पताल में भर्ती किया था। चिकित्सक ने कोरोना की जांच कराई थी। इन तीनों की मौतों को जिले की रिपोर्ट में शामिल कर लिया है।
झपारा गांव में प्रशासन ने की सीलिंग
जसराना। थाना क्षेत्र के गांव झपारा निवासी 25 वर्षीय युवक अपने साथियों के साथ अलीगढ़ के एक पावर प्लांट में नौकरी करने गया था। उसकी कोरोना जांच कराई तो पॉजिटिव निकली। स्वास्थय विभाग संपर्क में रहे लोगों की सूची बनाने में जुटने के साथ ही प्रशासन ने गांव को सील किया है।
जसराना सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनुराग व्यास ने कहा युवक के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं कोरोना पॉजिटिव आने के बाद गांव में पहुंचे एसडीएम कुमार चंद्र ने पुलिस प्रशासन के साथ गांव को सील करने की कार्रवाई की।
निगेटिव रिपोर्ट के बाद हार्डवेयर व्यापारी की लखनऊ पीजीआई में मौत
सिरसागंज। सिरसागंज के इटावा रोड निवासी हार्डवेयर व्यापारी की सोमवार दोपहर लखनऊ पीजीआई में मृत्यु हो गई। व्यापारी का कोरोना टैस्ट सैफई में हुआ था। इसकी 13 जून को कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद व्यापारी को आईसोलेशन वार्ड फिरोजाबाद में भर्ती कराया था। हालत बिगडी तो उन्हे इलाज के लिये लखनऊ पीजीआई में भर्ती करा दिया है। परिवारीजनों का कहना है कि 6 दिन पूर्व उनकी रिपोर्ट निगेटिव आ गई थी, लेकिन इसके बाद भी उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। सोमवार शाम परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली।