एक्सपोमार्ट में लगने वाले इंटरनेशनल फेयर निरस्त होने पर चर्चा करते शहर के निर्यातक।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। कोरोना वायरस के शोर के चलते 15 से 20 अप्रैल के बीच ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में लगने वाला इंटरनेशनल फेयर स्थगित कर दिया है। इससे कांच निर्यातकों को करीब 300 करोड़ का झटका लगेगा। फेयर से ही यहां के कांच निर्यातकों को विश्व बाजार से बडे़ आर्डर मिलते हैं। निर्यातक हैरान हैं, उन्होंने ताजा हालातों पर मंगलवार को बैठक की।
आईबी ग्लास में हुई ग्लास मैन्युफेक्चर्स एंड एक्सपोर्ट एसोसिएशन की बैठक में निर्यातकों ने ताजा स्थिति पर विमर्श किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश बंसल टोनी ने बताया कि कोरोना वायरस की वजह से एक्सपोमार्ट में अप्रैल में लगने वाला इंटरनेशनल फेयर निरस्त कर दिया है। फ़िरोजाबाद का निर्यात सेक्टर पहले से ही संकट में चल रहा है, ऐसे में इंटरनेशनल फेयर का स्थगित होना तगड़ा झटका है।
अमेरिका की एक बड़ी कंपनी पहले ही दिवालिया हो गई, जिसमे फ़िरोजाबाद के निर्यातकों के करोड़ों रुपये फंसे हुए हैं। कांच निर्यातकों को इंटरनेशनल फेयर से काफी उम्मीद रहती है, क्योंकि हर साल इसी फेयर से पूरे विश्व से आने वाले लोग कांच आयटमों के आर्डर देते हैं। कांच निर्यातकों को करीब 300 करोड़ का व्यापार मिलता है। इसकी तैयारी निर्यातक कर रहे थे। एक्सपोमार्ट में इसका आयोजन 15 से 20 अप्रैल के बीच होना था।
बैठक में अंकित गोयल, सलल बंसल, सजन सिंघल, सरवर हुसैन, विपिन अग्रवाल, शरद बंसल, सुमित बंसल, राजेंद्र गुप्ता, मुवीन अहमद, आशु मित्तल, विनीत जैन आशीष गर्ग, सत्यंधर, श्रेय बंसल, अरशद काजी उपस्थित थे।