फिरोजाबाद। जिले में मंगलवार को एक वर्षीय बालक समेत 26 नए लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इसमें स्वास्थ्यकर्मी और चूड़ी विक्रेता शामिल हैं। वहीं, अब जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2468 हो गई है। अभी तक 1955 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग अब तक 1,02,341 लोगों की जांच करा चुका है।
नित्या एंक्लेब में कोरोना दस्तक दे चुका है। एनएचआई के दो कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जो नित्या एंक्लेब में निवास करते हैं। वहीं, सीएचसी जाटऊ पर तैनात एक स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव निकला है।
उधर, जहांगीरपुर बसई मोहम्मदपुर में एक साल का बालक संक्रमित पाया गया है। शहर के हुंडावाला बाग में एक दंपती की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। वहीं, मायापुरी टापाकला में एक वृद्ध कोरोना का शिकार हुआ है। उदयपुर में 20 वर्षीय कोरोना का शिकार पाया गया है। वहीं, जैन नगर निवासी एक गर्भवती महिला कोरोना का शिकार हुई है।
इधर, बस स्टैंड गली नंबर तीन में कोरोना का एक मरीज मिला है। जलेसर रोड, लोहिया नगर में एक चूड़ी विक्रेता कोरोना का शिकार हुआ है। आट्टावाला जैन मंदिर के निकट 46 वर्षीय युवक, लाइनपार रहने वाला युवक तथा शिकोहाबद के मेला वाला बाग में 75 वर्षीय वृद्ध की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है।
टूंडला रेलवे कॉलोनी में एक कर्मचारी कोरोना का शिकार हो गया है। मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया है। नगला राजाराम में 24 वर्षीय युवक और नगला मोती में 50 वर्षीय व्यक्ति कोरोना का शिकार हुआ है। खैरगढ़ बरौली रोड़ पर 22 वर्षीय महिला की रिपोर्ट में कोरोना संक्रमण होने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है।
टूंडला के शिवपुरी कॉलोनी में दो महिलाएं कोरोना का शिकार हुई हैं। उधर, जरौली खुर्द हिरनगांव और बिल्टीगढ़ मक्खनपुर में कोरोना के मरीज मिले हैं।