फिरोजाबाद। चिराग संस्था के सहयोग से चाइल्ड लाइन द्वारा रविवार को श्रमिक व मुस्लिम बहुल इलाकों में कोविड-19 से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। संस्था द्वारा बाल उत्पीड़न से जुड़ीं घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभिभावकों व बच्चों को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी व उनके अधिकार बताए।
मलिन बस्ती मोमिन नगर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान सामाजिक संस्था चिराग सोसाइटी द्वारा श्रमिक परिवारों एवं उनके बच्चों को कोविड-19 से बचाव के लिए जरूरी टिप्स दिए। संस्था कोआर्डिनेटर मुख्तार आलम ने बच्चों एवं उनके अभिभावकों को स्वच्छता का महत्व बताया। साथ ही कहा कि घरों से बाहर निकलते समय सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अवश्य करें। साथ ही घर में घुसने के उपरांत सबसे पहले हाथों को अच्छी तरह से धोएं।
बाहरी वस्तुओं को छूने से परहेज करें। मौके पर मौजूद चाइल्ड लाइन के डॉ. जफर आलम ने बच्चों को उनके अधिकार बताए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम व उत्पीड़न की स्थिति में 1098 हेल्प लाइन पर संपर्क करें। आर्थिक तंगी के कारण बीमारी का इलाज कराने में अक्षम परिवारों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया। डॉ. जफर आलम ने बताया कि 1098 हेल्प लाइन 24 घंटे काम करती है। बच्चों व उनके परिजनों को मास्क वितरण किया गया। इस अवसर पर जी चांदना, मोहम्मद परवेज, वॉलंटियर आसिया आदि रहीं।