फिरोजाबाद। प्रवासी श्रमिकों को रखने के लिए बनाए गए क्वारंटीन स्थलों पर व्यवस्था दुरुस्त नहीं हैं। क्वारंटीन स्थलों पर रखे गए प्रवासी श्रमिकों की निगरानी में भी कोताही बरती जा रही है। ग्राम रोजगार सेवकों एवं कंट्रोल रूम द्वारा की जा रही मॉनीटरिंग में उजागर हुई लापरवाही पर डीएम चंद्र विजय सिंह ने तीन ग्राम प्रधानों के खिलाफ नोटिस जारी किए हैं।
बाहर से आए प्रवासी श्रमिकों को क्वारंटीन किए जाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में क्वारंटीन स्थल बनाए गए हैं। ग्राम पंचायत स्तर पर प्रधानों की अध्यक्षता में गठित निगरानी समिति क्वारंटीन स्थलों पर जरूरी व्यवस्थाओं एवं निगरानी का जिम्मा संभाल रहीं हैं। हालांकि कुछ ग्राम पंचायतों के प्रधान कोताही कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक प्रधानों की शिथिल मॉनीटरिंग के कारण क्वारंटीन श्रमिक शाम के समय अपने घरों पर चले जाते हैं।
जिलास्तर पर की जा रहीं मॉनीटरिंग के दौरान यह सच्चाई उजागर हुई। इसके आधार पर ग्राम पंचायत सलेमपुर खार के प्रधान रामनिवास, नानपी पीथनी शिकोहाबाद के प्रधान सर्वेश कुमार एवं मिलिक गोथुआ के प्रधान सुनील कुमार की लापरवाही उजागर हुई। इस पर डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने तीनों प्रधानों को पंचायती राज अधिनियम के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।