फिरोजाबाद। जिले में कोरोना के नौ मरीज की पहचान होने के बाद से ही स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड़ में है। राज्य मुख्यालय द्वारा मेडिकल कॉलज से लेकर जिला अंतर्गत अन्य कोरोना वार्ड पर नजर रखी जा रही है। हर दिन अपटूडेट रिपोर्ट ली जा रही है। यहां तक कि कोरोना वार्ड में रोस्टर के अनुसार प्रतिनियुक्त डॉक्टर, नर्स, पारा मेडिकल स्टाफ से लेकर चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी की उपस्थिति की दर्पण प्लस मोबाइल एप से निगरानी राज्य मुख्यालय द्वारा की जा रही है।
कोरोना वार्ड में प्रतिनियुक्त डॉक्टर एवं अन्य कर्मी ड्यूटी शुरू करने से पहले अस्पताल में चिकित्सा पदाधिकारी के साथ सेल्फी लेकर मोबाइल एप से अपनी उपस्थिति को मुख्यालय भेजते हैं। इसके बाद शुरू होती है कोरोना से जंग लड़ने की ड्यूटी। बुधवार को भी सेल्फी लेने के बाद स्टाफ ने ड्यूटी शुरू की। जनपद में मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या नौ पहुंच गई है। इसमें चार को मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद और पांच को एफएच मेडिकल कॉलेज टूंडला रखा गया है। वार्ड में भर्ती मरीजों की नियमित जांच की जा रही है। विभाग के आदेशानुसार अस्पताल की पूरी बिल्डिंग को नियमित रूप सैनिटाइज किया जा रहा है। सभी कमरे, खिड़की, परदा, बेड, मेज, कुर्सी, आलमीरा से लेकर फर्श तक पर दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।