फिरोजाबाद। परिवहन निगम की बसों से जाने वाले सामान (लगेज) के लिए माल ढुलाई का ठेका समाप्त होने के बाद कुलियों को बाहर कर दिया गया। शनिवार को कुली नगर निगम के रैन बसेरा में बैठे नजर आए। वर्षों से काम करने वाले कुली विभाग के रवैये से दुखी हैं।
स्थानीय बस स्टैंड पर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जाने वाले सामान के साथ यात्रियों के सामान को चढ़ाने का काम कुलियों द्वारा किया जाता था। लंबे अर्से से कुली काम कर रहे थे। परिवहन निगम द्वारा सामान (लगेज) को बसों से भेजने के लिए एजेंसी को दिया गया ठेका अब खत्म हो गया। ठेका समाप्त होने के साथ सामान ढुलाई का काम भी बंद हो गया।
माल ढुलाई का ठेका बंद होने के साथ परिवहन निगम के स्थानीय अफसरों द्वारा कुलियों को परिसर से बाहर जाने को कह दिया। यही कारण रहा कि शनिवार को कुली नगर निगम के रैन बसेरा में बैठे नजर आए। कुलियों ने कहा कि वर्षों से काम कर रहे थे। परिवहन निगम द्वारा इसकी रसीद काटी जाती है लेकिन हमें बाहर बैठाकर रोजी रोटी छीनी जा रही है। कुलियों ने निगम के अफसरों से न्याय की गुहार लगाई।
शिकोहाबाद डिपो के एआरएम राघवेंद्र सिंह ने कहा कि सामान ढुलाई का ठेका अगस्त में खत्म हो गया है। निगम द्वारा दोबारा ठेका उठाने की प्रक्रिया की जाएगी। किसी कुली को हटाया नहीं गया है अपितु उनकी समीक्षा की जाएगी। कौन कितना पुराना है? और कौन काम का है? उसी के अनुरूप रखा जाएगा।