फीरोजाबाद। टूंडला के नगला तुलसी और एत्मादपुर के नगला संपत में हिंदू से ईसाई बने लोगों से हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों ने मुलाकात की। उन्होंने धर्मांतरण कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
विहिप के जिलाध्यक्ष रमाकांत पचौरी, जिला उपाध्यक्ष महावीर सिंह बघेल और बजरंग दल के विभाग संयोजक पंडित वीनेश भाई के नेतृत्व में पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल टूंडला क्षेत्र के ग्राम नगला तुलसी एवं एत्मादपुर के गांव नगला संपत में पहुंचा। उन्होंने हिंदू से ईसाई धर्म अपनाने वाले लोगों से बात की। विहिप के जिलाध्यक्ष ने कहा कि हिंदुओं को लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया गया है।
दबंगों के द्वारा देवी मंदिर को ध्वस्त कराकर तालाब का निर्माण कराए जाने पर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ईसाई मिशनरियों के द्वारा धर्मांतरण कराया जा रहा है। उनके खिलाफ कार्रवाई तक नहीं की जा रही। जबकि आगरा में घर वापसी के कार्यक्रम पर पुलिस ने न सिर्फ कार्रवाई की निर्दोष लोगों के खिलाफ रिपोर्ट तक दर्ज कर ली। इसे हिंदू समाज किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा। पंडित वीनेश जोशी ने टूंडला क्षेत्र के नगला दल में देवी मंदिर को उसी स्थान पर स्थापित करने की मांग की। मनोज राठौर, संदीप सविता, राजेंद्र दिवाकर, सोबरन दिवाकर, ब्रजेश यादव, पुनीत जाटव, सुनहरीलाल जाटव, संतोष बाबा आदि शामिल थे।