संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। नौकरी हो या फिर राजनीति, जुगाड़ सभी जगह चलता है। पार्टी विद डिफरेंस के लिए जानी जाने वाली भाजपा में अब जिले के नेता अन्य राजनीति पार्टी की तर्ज पर रसूख के बल पर पद दिलवा रहे हैं। मटसेना मंडल अध्यक्ष को लेकर मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने साफ-साफ आरोप लगाया कि मंडल के चुनाव अधिकारी ने पूर्व विधायक के करीबी को नियम कायदे को दरकिनार कर मंडल अध्यक्ष पद दिलवाया है। मंडल अध्यक्ष के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना देकर नारेबाजी की। अब बचाव में जिले के जिम्मेदार प्रदेश स्तर की बात कर मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं।
भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्षों के निर्वाचित होने की सूची जारी होने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में विरोध के स्वर उठने लगे हैं। दक्षिण मंडल के रहने वाले भारत सिंह वर्मा को मटसेना मंडल का अध्यक्ष बनाया गया है। लेकिन सूची जारी होने के बाद कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को खुलकर विरोध जताया।
आसफाबाद के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश राजपूत के आवास के पास धरना देकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कुछ भाजपा के नेताओं ने लाभ के लिए पार्टी पर ही सवालिया निशान लगा दिया है। आरोप है कि भारत सिंह वर्मा दक्षिण मंडल में निवास रहते हैं। वह वहीं से सक्रिय सदस्य हैं। वोट भी वहीं है। आधार कार्ड के हिसाब से उनकी जन्मतिथि 1971 है, इस हिसाब से उनकी आयु 54 वर्ष है।
इसके बाद भी इन्हें दक्षिण की जगह मटसेना मंडल का अध्यक्ष बनाया गया। इतना ही नहीं जिले के भाजपा नेताओं ने सिफारिश के कारण उसका नाम पहले नंबर पर भेजा, जो सरासर गलत है। पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश राजपूत के आवास पर सैकड़ों की संख्या में भाजपाई कार्यकर्ता जा पहुंचे। विरोध करने वालों में बूथ अध्यक्ष व पदाधिकारी ब्रजकिशोर शर्मा, लोकेंद्र निषाद, नरेंद्र शर्मा, संदीप पचौरी, राहुल शर्मा, आकाश गर्ग, धर्मवीर प्रजापति, शिवम वर्मा, लालहंस यादव आदि मौजूद रहे।