पोस्टर फाड़ने पर कोचिंग संचालकों में विवाद
- मामला कोतवाली पहुंचा, पुलिस ने की दोनों के खिलाफ कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना। थाना जसराना के पचवा रोड़ के पास संचालित दो कोचिंग सेंटरों के संचालकों में पोस्टर फाड़ने को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ा तो मामला कोतवाली तक पहुंच गया। लोगों ने विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। बात नहीं बनी तो पुलिस ने दोनों संचालकों के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई कर दी।
कस्बा के पचवा रोड पर कुमारी शिवा आकर्षण कोचिंग के नाम कोचिंग चलाती है। वहीं विलासपुर निवासी सौरव कुमार की ओम शिवा लाइब्रेरी है। शिवा ने सौरव पर उसकी कोचिंग का पोस्टर फाड़ने का आरोप लगाया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। दोनों कोचिंगों में पढ़ने वाले छात्र एवं छात्राएं आमने-सामने आ गए। मामला कोतवाली तक पहुंच गया। पुलिस एवं मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। मामला बढ़ता देख पुलिस ने कुमारी शिवा और सौरव के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की है। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने कहा दोनों पक्षों में पोस्टर फाड़ने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों ही हंगामा कर रहे थे। विवाद को देखते हुए दोनों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की गई है।