फिरोजाबाद। निर्माण विभाग के ठेकेदार ने भुगतान न होने के कारण शुक्रवार को आत्मदाह करने की धमकी दे दी। ठेकेदार के आने व प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए प्रवर्तन दल को नगर निगम गेट पर तैनात किया गया।
मैसर्स पीतांबरा कॉन्ट्रैक्टर एंड सप्लायर के संचालक सतेंद्र यादव द्वारा कायाकल्प योजना के तहत कुछ दिन पूर्व निगम क्षेत्र में काम कराया था। ठेकेदार का आरोप है कि उसके द्वारा कराए कार्यों के एवज में निगम में निर्माण विभाग के अधिकारी उसका भुगतान नहीं कर रहे हैं। जिससे वह आर्थिक रूप से परेशान है। बच्चों की फीस न भर पाने के कारण उसके बच्चों को स्कूल से निकाल दिया गया है। शुक्रवार की सुबह निगम चर्चा उड़ी कि भुगतान नहीं होने से परेशान ठेकेदार ने निगम परिसर में आत्मदाह कर खुद को हानि पहुंचाने की धमकी दी है। चर्चा की भनक लगते ही निगम के अधिकारी चौकन्ना हो गए।
प्रवर्तन दल की टीम भी निगम के इर्द-गिर्द सुरागकसी करते दिखी। हालांकि दोपहर दो बजे के बाद संबंधित फर्म का ठेकेदार बाद में नगर आयुक्त के नाम एक मांग पत्र सहायक आयुक्त को देकर चला गया। पत्र में ठेकेदार ने लंबित भुगतान कराने की मांग की है। एक्सईएन आशीष शुक्ला ने बताया कि सतेंद्र नाम के ठेकेदार का भुगतान मेरे कार्यकाल से पहले से ही लंबित है। फाइल मंगाई गई है। फाइल की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।