फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के नगला भाऊ क्षेत्र स्थित चूड़ी फैक्टरी में बुधवार देर शाम ठेकेदार की मौत करंट लगने से ही हुई थी। पुलिस प्रशासन ने देर रात पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया।
नगला सिंघी थाना क्षेत्र के गांव धीरपुरा लांघी निवासी 28 वर्षीय दिनेश यादव उर्फ अल्ली नगला भाऊ स्थित मिलेनियम मोना ग्लास में काम करने के साथ ही ठेकेदार भी थे। देर शाम सात बजे वह फैक्ट्री के एक कमरे में थे। इस बीच उनका हाथ पंखे से छू जाने के कारण उन्हें करंट लग गया। फैक्ट्री के कुछ मजदूर उन्हें लेकर ट्रामा सेंटर पहुंचे। वहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने तीन घंटे तक हंगामा किया था। रात 10 बजे पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा सकी थी। दक्षिण इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में ठेकेदार की मृत्यु की वजह करंट से बताई गई है।