दखिनारा रोड पर कंटेनर में लगी आग को बुझाते फायर ब्रिगेड के कर्मचारी। स्रोत विभाग
- फोटो : दखिनारा रोड पर कंटेनर में लगी आग को बुझाते फायर ब्रिगेड के कर्मचारी। स्रोत विभाग
शिकोहाबाद। मारूति कंपनी की कार लेकर गुरुग्राम से कोलकाता जा रहे कंटेनर में 11 हजार की लाइन टकराने से आग लग गई। देखते ही देखते कंडक्टर साइड के दोनों टायर फट गए। गनीमत रही कि कार और कंटेनर में आग फैलने से बच गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
रविवार को एक कंटेनर मारूति कंपनी की सात कारें लेकर गुरुग्राम से कोलकाता जा रहा था। इस कंटेनर को शिकोहाबाद के गांव दखिनारा निवासी चालक मोनू चला रहा था। शाम सवा पांच बजे करीब वह कंटेनर को लेकर अपने गांव के सामने से होकर गुजर रहा था। तभी अचानक 11 हजार की विद्युत लाइन कंटेनर से टकरा गई। जिससे अचानक कंटेनर में शॉर्ट सर्किट होकर आग लग गई। कंडक्टर साइड के दोनों टायर फट गए। टायर फटने से तेज धमाके जैसी आवाज हुई। पीछे आ रहे अन्य वाहन जहां के तहां रुक गए।
वहीं चालक एवं परिचालक ने कंटेनर से कूदकर अपनी जान बचाई। साथ ही तुरंत फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी। चालक मोनू ने बताया कि गनीमत रही कि कंटेनर के अंदर रखी हुईं सातों कार सुरक्षित हैं। कंटेनर के टायर फट गए हैं। फायर ब्रिगेड शिकोहाबाद प्रभारी बृजेश कुमार ने बताया कि 11 हजार की लाइन के संपर्क में आने से कंटेनर में आग लगी थी। कंटेनर के अंदर रखी हुईं कार सुरक्षित हैं। कंटेनर के टायर फट गए हैं। दोनों ही घटनाओं में लगी आग पर काबू पा लिया गया था। संवाद