फिरोजाबाद। बकाया बिजली बिल जमा न करने वालों पर विद्युत निगम ने सख्ती दिखाते हुए बुधवार को अलग-अलग क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 50 बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काटे गए।
दबरई क्षेत्र में जेई राहुल अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने अभियान चलाया। यहां 30 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। कार्रवाई के दौरान कुछ उपभोक्ताओं ने विरोध किया, लेकिन समझाने पर मामला शांत हो गया। अवर अभियंता ने उपभोक्ताओं को चेतावनी दी कि बकाया जमा किए बिना किसी का भी कनेक्शन दोबारा नहीं जोड़ा जाएगा।
इधर यूपीएसआईसी क्षेत्र के मोहल्ला विजय नगर में भी चेकिंग अभियान चलाया गया, जहां कई बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए। जेई कयामुद्दीन ने बताया कि लगातार अभियान चलाकर बकाया वसूली की जा रही है। जिन उपभोक्ताओं ने बिल का भुगतान नहीं किया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम की टीम ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की अपील की है।