फीरोजाबाद। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जिसने महिलाओं को सम्मान देने का काम किया। प्रदेश में सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा एवं बराबरी के अधिकार देने का काम भी कांग्रेस करेगी। जिले में आ रही राहुल संदेश यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष छदामीलाल जैन मंदिर के कांजी हॉल में आयोजित सम्मेलन में महिलाओं को संबोधित कर रहीं थी। इस दौरान राहुल गांधी की पिछले दिनों की सभा में महिलाओं की संख्या कम होने का दर्द भी झलका। उन्होंने कहा महिला सदस्यों में यदि कोई नाराजगी हैं तो वह मुझे बताएं।
आगरा मंडल प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञानवती यादव ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में आधी आबादी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी, हाजी सईद पटेल और ओम नरायण कुशवाह ने संगठन मजबूती पर जोर दिया। इस दौरान शहर अध्यक्ष गुलाम जीलानी, महिला शहर अध्यक्ष कुसुम सिंह, स्नेहलता बबली, माया शर्मा, सपना दिवाकर, पीके पाराशर एवं प्रकाश निधि गर्ग, नुरुलहुदा लाला राइन, विवेक तिवारी ने विचाररखे। अध्यक्षता महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष योगेश दिवाकर एवं संचालन रामनिवास यादव ने किया।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिमा सिंह ने कहा सपा शासन में प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई। प्रदेश की जनता कांग्रेस की ओर ही देख रही है। प्रतिमा सिंह पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। राहुल गांधी के सर्जिकल स्ट्राइक पर दिए बयान पर कहा कि उनके बयान को गलत ढंग से पेश किया है। सर्जिकल स्ट्राइक कांग्रेस ने कई बार किए लेकिन कभी ढिंढोरा नहीं पीटा। मोदी सरकार ढिंढोरा पीट रही है। अरविंद केजरीवाल के बयान पर कोई टिप्पणी से इंकार कर दिया।