कांग्रेस पार्टी के जिला कार्यालय पर बैठक के दौरान बोलते जिला अध्यक्ष संदीप तिवारी।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक बाईपास मार्ग स्थित घर संसार कार्यालय पर आहूत की गई। बैठक की शुरुआत शहीद ऊधम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। जिलाध्यक्ष संदीप तिवारी ने कहा कि 28 दिसंबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का 136वां स्थापना दिवस मनाया जाएगा। पार्टी विधानसभा स्तर और ब्लॉक स्तर पर ‘किसान संदेश पदयात्रा’ का आयोजन करेगी। पदयात्रा में शहीदों एवं महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।
वरिष्ठ कांग्रेसियों का सम्मान किया जाएगा। इस दौरान किसान संदेश पदयात्रा निकाली जाएगी। पदयात्रा रसूलपुर थाने से शुरू होकर नालबंदान चौराहा, घंटाघर, सदर बाजार, सिनेमा चौराहा होते हुए सुभाष चौराहे पर पहुंचेगी। इसी प्रकार से 28 से 30 तारीख तक सिरसागंज, शिकोहाबाद, जसराना, टूंडला विधानसभा में यात्रा निकाली जाएगी।
महानगर अध्यक्ष साजिद बेग, कमलेश जैन, मनोज भटेले, दाऊद खां, दुष्यंत धनगर, धर्म सिंह यादव, संजय यादव, शैलेंद्र शर्मा एड., योगेश दिवाकर, लाला राइन, कमल किशोर जादौन आदि मौजूद रहे।