फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंटेक प्लांट तक पानी पहुंचा, आज से सुबह - शाम मिलेगा गंगाजल

विज्ञापन
अधिकारियों के साथ नहर की सफाई कार्य का निरीक्षण करते विधायक मनीष असीजा। - फोटो : FIROZABAD
विज्ञापन
फिरोजाबाद। शहर को रविवार से सुबह-शाम दोनों समय गंगाजल की आपूर्ति मिलेगी। शनिवार को नंदपुर स्थित इंटेक प्लांट तक पानी पहुंच गया और जलाशयों को देर शाम भरना शुरू कर दिया गया। शहर को गंगाजल दिलाने के लिए पिछले तीन दिनों से तीन विभागों से साझा कार्य करा रहे सदर विधायक मनीष असीजा शुक्रवार रात तक झालगोपालपुर नहर पर मौजूद रहे। जलनिगम, सिंचाई और नगर निगम की संयुक्त टीम के साथ उन्होंने कार्य का निरीक्षण किया।
विज्ञापन

झालगोपालपुर नहर की सफाई के लिए छह दिसंबर को सिंचाई विभाग ने संज्ञान लिया था। शहर को सात दिसंबर से एक समय सुबह ही जलापूर्ति दी जा रही थी। नहर बंद होने के कारण शहर को झील में स्टोर पानी से ही सप्लाई दी जा रही थी। स्टोरेज पानी बीस दिसंबर तक का ही था। 20 दिसंबर तक सफाई न होने पर शहर में पानी का संकट गहराने लगा। महापौर नूतन राठौर ने भी विभागीय अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया और जल्द से जल्द सफाई कार्य पूरा करने को कहा। 22 दिसंबर तक भी सफाई का कार्य पूरा नहीं हुआ तो विधायक मनीष असीजा डीएम चंद्रविजय सिंह के साथ स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।
समय से सफाई पूरी करने पर जब सिंचाई विभाग हाथ खडे करता दिखा तो असीजा ने सिंचाई, जल निगम और नगर निगम की अलग-अलग तीन टीमें बना कर 25 किलो मीटर लंबी नहर की सफाई का जिम्मा अलग-अलग किलो मीटर के हिसाब से तीनों विभागों को दिया। 24 दिसंबर तक भी सफाई न होने पर मौके पर सफाई संसाधन बढवाए गए। शुक्रवार रात को विधायक तीनों विभागों के अधिकारियों के साथ साइट पर मौजूद रहे। शनिवार शाम तक इंटेक प्लांट तक पानी आ गया और देर शाम शहर को गंगाजल देने के लिए टंकियां भर ली गईं।
विज्ञापन

बिजली फाल्ट से नहीं मिली शाम को जलापूर्ति
जसराना-शिकोहाबाद मार्ग पर 33 केवीए लाइन का तार टूट जाने से सुबह पौने आठ बजे से लेकर दोपहर करीब 12:15 बजे तक नदंपुर स्थित इंटेक प्लांट की बिजली सप्लाई बंद होने से प्लांट भी बंद हो गया था। इस कारण शनिवार शाम को शहर को गंगाजल नहीं मिल सका।
इंटेक प्लांट से टंकियां भर ली गई हैं। शहर को रविवार से सुबह साढे़ छह बजे और शाम को चार बजे से गंगाजल की आपूर्ति की जाएगी। साथ ही झालगोपालपुर नहर के समीप बनी झील को भरने का काम भी किया जाएगा। इससे शहर में पानी का संकट न रहे और शहर को प्रतिदिन 60 से 65 एमएलडी पानी मिलता रहे। दिनेश चंद्र शर्मा, सहायक अभियंता जल निगम।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें