पालिका प्रशासन द्वारा नगर के प्रमुख मार्गों पर कराए जा रहे सड़क निर्माण से लोगों में आक्रोश है। नियमानुसार कार्य न करने एवं निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग करने पर लोगों ने शनिवार को हंगामा किया। वहीं कंक्रीट की सड़क पर लगाई जा रही घटिया इंटरलॉकिंग को उखड़वा दिया। क्षेत्रीय लोगों ने डीएम से निर्माण कार्य की जांच कराने और कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि नगर के विकास के लिए आए करोड़ों की धनराशि से पालिका प्रशासन द्वारा जगह-जगह नाला और सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में पालिका परिषद मनमानी ही नहीं सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। नालों की चौड़ाई और गहराई का कोई मानक नहीं रखा गया है तो वहीं सड़क निर्माण को भी मनमाने तरीके से किया जा रहा है। एमपी रोड, नई बस्ती तेल मिल रोड पूर्व में कंक्रीट की थी। वहीं अब पालिका इन मार्गों को इंटरलॉकिंग ईंटों से बना रहा है। निर्माण से पूर्व कंक्रीट की सड़क को बिना उखाड़े इंटरलॉकिंग की जा रही है। वहीं नई बस्ती तेल मिल रोड पर सड़क कहीं ऊंची कर दी गई है तो कहीं नीची। इससे बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति होगी। शुक्रवार को तेल मिल रोड पर प्रकाश नगर के सामने घटिया इंटरलॉकिंग ईंट का प्रयोग होने पर लोगों द्वारा हंगामा किया गया था। इस पर ठेकेदार ने वहां से इंटरलॉकिंग उखड़वाकर नई बस्ती तेल मिल रोड पर लगानी शुरू कर दी। इस पर यहां के लोगों ने शनिवार को हंगामा कर दिया। आरोप है कि तेल मिल रोड पर सड़क निर्माण में हद दर्जे का घपला हो रहा है। सड़क ऊंची-नीची बनाई जा रही है। इससे बारिश के दिनों में परेशानी होगी। लोगों ने डीएम विजय किरन आनंद से सड़क निर्माण की जांच कराने की मांग की है। मांग करने वालों में सुधाकर उपाध्याय, राजू शर्मा, राजू अग्रवाल, महेश गुप्ता, आलोक शर्मा, दिवाकर उपाध्याय, अशोक उपाध्याय, अनूप गुप्ता, शशांक गुप्ता, कुन्नू, ब्रह्मदत्त शर्मा, सोनू शर्मा आदि प्रमुख रहे।
यदि ठेकेदार घटिया सामग्री का प्रयोग कर रहा है तो इसकी जांच करा पुन: निर्माण कराया जाएगा। किसी भी रूप में निर्माण कार्य में घटिया सामग्री प्रयोग में नहीं होने दी जाएगी। यदि कहीं गलत हो रहा है तो जनता जानकारी दे।
हरीश चौधरी
प्रतिनिधि पालिकाध्यक्षा, टूंडला