- डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर दी जानकारी
- संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान युवाओं,महिलाओं के नाम शामिल कराने,पंचायत सूची से मिलान का आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जिले में मतदान केंद्रों की संख्या दस बढ़ने के साथ 1298 हो गई है। जबकि 12 बूथों की बढ़ोतरी हो जाने के साथ इनकी संख्या अब 2181 से बढ़कर 2193 हो गई है। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मतदेय स्थलों के संभाजन के संबंध में राजनीतिक दलों के साथ बैठक आयोजित की। उनको मतदेय स्थलों के संभाजन के बारे में जानकारी दी।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदेय स्थलों के संभाजन प्रस्ताव को आयोग की हरी झंडी मिल गई है। जिले में पोलिंग स्टेशनों की संख्या 2,181 से 2,193 एवं मतदान केंद्र दस बढ़ने के साथ 1298 हो गए हैं।
बूथ बढ़ने के साथ सभी पर बीएलओ की तैनाती करने के साथ ही राजनीतिक दलों की ओर से बीएलई बनाए जाएंगे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से कहा कि वह नए बूथों पर बूथ लेवल एजेंटों को सक्रिय कर बीएलओ के साथ तालमेल बिठाकर कार्य करें। डीएम ने छूटे हुए मतदाताओं, विशेषकर महिलाओं व युवाओं को जोड़ने एवं पंचायत की मतदाता सूची से मिलान करने का आह्वान किया। इस मिलान रणनीति से लगभग 8 से 10 प्रतिशत छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने में सफलता मिलने की संभावना है।
जिले में ईपी रेशियो 55 प्रतिशत से बढ़कर 61 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा है। जेंडर रेशियो तथा 18-19 वर्ष के युवा मतदाताओं के प्रतिशत को बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। संपूर्ण फोकस वर्तमान में चल रहे मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम पर रखा जाए, ताकि एक पारदर्शी, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार हो सके।
इस दौरान भाजपा नेता प्रमोदपाल बघेल, ठा. राघवेंद्र सिंह, बसपा के जोन प्रभारी अखिलेश कुमार, सपा से डॉ. विजय आर्य, एबरन सिंह जाटव टूंडला बसपा, बलवीर सिंह आजाद एडवोकेट पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस पार्टी, अमित गर्ग एडवोकेट आप, भूरी सिंह यादव सीपीआईएम, एडीएम वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, एसडीएम सिद्धार्थ पाठक, राजेश कुमार शुक्ला, सुदर्शन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।