फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र स्थित नए सिक्सलेन बाईपास पर रविवार दोपहर गलत दिशा से आ रही एक कार सामने से आ रही दूसरी कार से भिड़ गई। दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में जसराना निवासी एक ही परिवार के चार लोगों समेत दोनों कारों में सवार कुल आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद बाईपास पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
जसराना के गाड़ीवान मोहल्ला निवासी मनोज कुमार (45) रविवार दोपहर अपनी पुत्री प्रिया को दवा दिलाने के लिए कार से मथुरा जा रहे थे। उनकी कार में बेटा अंशुल (18), आदेश (12) और साला रिंकू भी सवार थे। जब उनकी कार मक्खनपुर कट से सिक्सलेन बाईपास पर पहुंची तभी बिल्टीगढ़ के पास सीएनजी कट के सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी जबरदस्त भिड़ंत हो गई।
दूसरी कार में औरैया जिले के बाबरपुर निवासी निखिल गुप्ता (33), उनकी पत्नी सुधी गुप्ता (32) और दो वर्षीय बेटी विशाखा सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों की चीख-पुकार निकल पड़ी।
हादसा देख आसपास के ग्रामीण व राहगीर तुरंत मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने कड़ी मशक्कत कर कारों में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सूचना पर इंस्पेक्टर चमन शर्मा भी अपनी टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर सभी घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंचाया। दुर्घटना के बाद सड़क पर फैले मलबे और क्षतिग्रस्त कारों के कारण यातायात बाधित हुआ, जिसे पुलिस ने तुरंत क्रेन व अन्य माध्यमों से हटवाकर आवागमन सुचारू कराया।
औरैया निवासी दंपती आगरा की ओर से आ रहे थे। कार में सीएनजी भरवाने के बाद वे गलत दिशा में वाहन चला रहे थे, इसी दौरान मक्खनपुर की ओर से आ रही दूसरी कार से उनकी भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और सभी का उपचार जारी है।
- जयबिंद कुमार गुप्ता, सीओ शिकोहाबाद