कोटला चुंगी चौराहा के पास मंगलवार रात हुए गोलीकांड की घटनास्थल पर जांच करती पुलिस। संवाद
- फोटो : कोटला चुंगी चौराहा के पास मंगलवार रात हुए गोलीकांड की घटनास्थल पर जांच करती पुलिस। संवाद
फिरोजाबाद। शहर के अति व्यस्ततम कोटला चुंगी चौराहे पर मंगलवार रात 9 बजे पति ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को एक साथ दुकान में बैठकर शराब पीते देख ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। हमले में प्रेमी के सीने में दो और महिला के पेट, कमर व पसली पर पांच गोलियां लगीं। दोनों को ट्रॉमा सेंटर से प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर कर दिया गया। आरोपी पति को पुलिस ने देर रात दबोच लिया।
कोटला चुंगी चौराहा स्थित शिवा इंटरनेट सर्विस के संचालक जितेंद्र उर्फ सनी उर्फ शिवा ठाकुर निवासी श्रीराम कॉलोनी, मथुरा नगर का टापा खुर्द चौराहा स्थित पीके इंटर कॉलेज के संचालक ऋषभ तेलंग की पत्नी शिप्रा तेलंग से प्रेम प्रसंग चल रहा था। मंगलवार रात शिप्रा अपने प्रेमी सनी की दुकान पर पहुंची। यहां दोनों बैठकर शराब पी रहे थे। इसकी भनक लगते ही ऋषभ तेलंग गुस्से में तमतमाता हुआ दुकान पर जा पहुंचा। पत्नी को प्रेमी संग शराब पीते देख आपा खो बैठा और अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
हमले में सनी के सीने में दो और शिप्रा के पेट, कमर व पसली पर पांच गोलियां लगीं। वारदात के बाद आरोपी मौके पर ही रिवॉल्वर छोड़कर भाग निकला, जिसे देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
सरेराह हुई वारदात से मची भगदड़
सरेराह हुई इस वारदात से बाजार में भगदड़ मच गई। सूचना पर सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह, थाना उत्तर इंस्पेक्टर रवि त्यागी व थाना रामगढ़ इंस्पेक्टर संजीव दुबे पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल से रिवॉल्वर, कारतूस तथा साक्ष्य कब्जे में लिए।
दुकान के भीतर महिला और युवक पर महिला के पति द्वारा लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोलियां चलाने की बात सामने आई है। दोनों घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रविशंकर प्रसाद, एसपी सिटी