फिरोजाबाद। महाविद्यालयों में आठ माह बाद कल से ऑफलाइन कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। हालांकि कुछ महाविद्यालयों में कक्षाओं के संचालन के लिए रोस्टर लागू किया गया है। रोस्टर के अनुसार ही एक दिन छोड़कर छात्राएं पढ़ने के लिए आएंगी। कोविड के मद्देनजर प्राचार्यों ने शिक्षकों के साथ बैठक की। नियमों का पालन सख्ती से कराने के आदेश दिए।
माह मार्च के बाद लॉकडाउन के कारण स्कूल, कॉलेज बंद हैं। इसके बाद ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था। प्रथम वर्ष में दाखिले की प्रक्रिया भी ऑनलाइन आयोजित की गई। अब सोमवार से कक्षाओं का संचालन होगा।
एमजी महाविद्यालय में रोस्टर से छात्राओं के आने की अनुमति होगी। प्राचार्य डा. निर्मला यादव ने बताया कि महाविद्यालय में छह फीट की शरीरिक दूरी का पालन अनिवार्य कर दिया गया है। इसके अलावा छात्राएं अपने फोन में अनिवार्य रूप से आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करके लाएंगी।
अस्वस्थ छात्राओं एवं कंटेनमेंट जोन में रहने वाली छात्राओं को संस्थान में आने की अनुमति नहीं होगी। छात्राओं को थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। छात्राओं को सैनिटाइजर लाना अनिवार्य किया गया है। प्राचार्य ने बताया कि रोस्टर के अनुसार कक्षाओं का संचालन होगा। हालांकि ऑफलाइन कक्षाएं भी नियमित रूप से संचालित होगीं। एसआरके पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रभाष्कर राय ने बताया कि 23 नवंबर से महाविद्यालय में ऑफलाइन कक्षाएं शुरू होंगी।
---
एमजी महाविद्यालय में इस प्रकार से चलेंगी कक्षाएं
बीएससी, बीकॉम, बीए- प्रथम वर्ष- सोमवार और बृहस्पतिवार
द्वितीय वर्ष- मंगलवार और शुक्रवार
तृतीय वर्ष- बुधवार और शनिवार
----------
दाऊदयाल महाविद्यालय में एमए फाइनल कक्षाएं होंगी शुरू
दाऊदयाल महाविद्यालय में सोमवार से एमए फाइनल की कक्षाएं शुरू होंगी। प्राचार्य डा. विनीता गुप्ता ने बताया कि शेष कक्षाओं के संचालन के लिए डीएम से अनुमति मांगी गई है। सोमवार को सिर्फ एमए फाइनल की छात्राओं को बुलाया गया है।