फिरोजाबाद। जिले के विकास को नई रफ्तार देने और जन-कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ आगामी 22 जून को फिरोजाबाद आ सकते हैं। सीएम के इस वीवीआईपी दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्यमंत्री के आगमन, सुरक्षा व्यवस्था और जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री का मुख्य कार्यक्रम उसायनी में आयोजित किया जाएगा। उसायनी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनकर तैयार हुए 400 से अधिक नवनिर्मित आवासों की चाबी मुख्यमंत्री खुद अपने हाथों से लाभार्थियों को सौंपेंगे। इसके अलावा टूंडला और शिकोहाबाद विधानसभा क्षेत्रों में पूरे हो चुके विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे, साथ ही करोड़ों रुपये की नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। उसायनी में ही मुख्य जनसभा के लिए विशाल पंडाल और मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लिए हेलीपैड बनाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। डीएम और एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक भी कर सकते हैं। जिलाध्यक्ष भाजपा उदय प्रताप सिंह ने बताया कि सीएम के संभावित कार्यक्रम की जानकारी मिली है। तैयारियां की जा रही हैं।