मौसम बदलने से एसी-कूलर हुए बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। शहर में मौसम ने करवट ले ली है। सोमवार को हुई बूंदाबांदी के बाद मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, और दोपहर चार बजे के आसपास तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश भले ही महज 15 मिनट चली, लेकिन इससे मौसम में ठंडक घुल गई।
दो दिन बारिश और बादल छाने से मौसम में परिवर्तन हो गया है। अक्तूबर की शुरुआत के साथ ही सुबह-शाम गुलाबी सर्दी का एहसास होने लगा है। एसी और कूलर जहां बंद हो चुके हैं, वहीं अब पंखे की हवा में भी ठंडक महसूस होने लगी है। मंगलवार को भी तड़के सुबह चार बजे बारिश हुई। इसके बाद पूरे दिन बादल छाए रहे। दोपहर में भी तेज बारिश हुई। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है।
कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सुभाषचंद्र ने बताया कि बारिश स्थानीय हवा के दबाव के चलते हुई है, और आगे भी हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि फसल की कटाई और भंडारण में सतर्कता बरतें।
जुकाम, खांसी और वायरल बुखार के मरीज बढ़े
फिरोजाबाद। मौसम में तेजी से आ रहा बदलाव अब लोगों की सेहत पर भी असर डालने लगा है। गुलाबी सर्दी और नमी के कारण जुकाम, खांसी, गले में खराश और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
शहर के कई सरकारी और निजी अस्पतालों में इन दिनों ओपीडी में वायरल के मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार, तापमान में गिरावट और नमी के मिश्रण से शरीर की प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है, जिससे सर्दी-जुकाम और वायरल होने की संभावना बढ़ जाती है। संवाद