जैन दिगंबर युवा संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। जैन दिगंबर युवा संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों से मिला। इसमें जैन दिगंबर समाज के प्रमुख पर्व दशलक्षण महापर्व के अवसर पर शहर में सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संजय कुमार जैन ने बताया कि 28 अगस्त से 6 सितंबर तक चलने वाले पर्युषण महापर्व के दौरान जैन मंदिरों में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक आयोजन, परिक्रमा, आरती और प्रवचन होते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए समिति ने प्रशासन से मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने, रंगोली सजावट, सड़कों पर कलई छिड़काव, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित जलापूर्ति और निर्बाध विद्युत आपूर्ति जैसी मांगें की हैं।
समिति के महासचिव कुलदीप मित्तल ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम विशु राजा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद, अपर नगर आयुक्त निहाल सिंह, महापौर कामिनी राठौर सहित अन्य अधिकारियों से भेंट कर ज्ञापन सौंपा।
समिति ने विशेष रूप से 2 सितंबर को धूप दसवीं और 6 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन सभी जैन मंदिरों के बाहर रंगोली बनवाने तथा अतिरिक्त सफाई और सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में अरुण जैन, सुनील जैन, विजय जैन, अरविंद जैन, रमेश जैन, शैलेन्द्र जैन, प्रदीप जैन उपस्थित रहे।