फिरोजाबाद। डीएम ने जिले के पंचायती राज विभाग से स्वच्छ भारत मिशन के तहत विभिन्न मदों में खर्च धनराशि का ब्योरा मांगा है। डीएम के निर्देश पर आगामी 17 जुलाई को जिला स्वच्छता समिति की बैठक होगी। विगत दस जुलाई को आयोजित जिला स्वच्छता समिति की बैठक में डीएम चंद्र विजय सिंह ने वित्तीय वर्ष 2019-20 व 2020-21 में स्वच्छ भारत मिशन के तहत मिली धनराशि के सापेक्ष मदवार खर्च का ब्योरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
डीएम ने पंचायती राज विभाग से शौचालय निर्माण, आईईसी गतिविधियों पर खर्च धनराशि, प्रचार-प्रसार पर खर्च एवं प्रशासनिक मद में खर्च धनराशि का ब्योरा तलब किया है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019-20 व 2020 के दौरान शासन से प्राप्त करीब 13 करोड़ की धनराशि में से कुल खर्च का ब्योरा एवं अवशेष धनराशि का विवरण प्रस्तुत करने के लिए डीएम ने आगामी 17 जुलाई को पुन: जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित किए जाने के निर्देश दिए हैं।