फिरोजाबाद। विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान शासन के सचिव संजय कुमार के तेवर काफी सख्त रहे। शिकायतों के निस्तारण संबंधी सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने विद्युत निगम के एक्सईएन शिकोहाबाद को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने किसान सम्मान निधि के लंबित प्रकरणों को जल्द से जल्द निस्तारित किए जाने के निर्देश भी दिए।
धान क्रय, ग्राम विकास कार्य, कोविड-19 संक्रमितों के उपचार व रोकथाम के उपायों की समीक्षा के अलावा गोवंश आश्रय स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करने आए शासन के सचिव संजय कुमार ने सोमवार को विकास भवन सभागार में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक के दौरान उन्होंने कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम के लिए जारी गाइडलाइन के शत-प्रतिशत अनुपालन व संदिग्धों के नमूने संकलन में बढ़ोत्तरी के अलावा स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से प्रतिदिन दो मरीजों से बात करने के निर्देश दिए। उन्होंने खुद भी एक कोविड संक्रमित से बातचीत की।
शिकोहाबाद क्षेत्र में एक किसान की बिजली संबंधी शिकायत के निस्तारण के बारे में पूछा। संतोषजनक जवाब नहीं देने पर एक्सईन शिकोहाबाद और एसडीओ को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने एक्सईन को खुद किसान के पास जाकर समस्या के निदान के लिए निर्देशित किया। सचिव ने स्वरोजगार इकाई स्थापना को आए आवेदनों का जल्द निस्तारण कराने को कहा। बैठक में सीडीओ चर्चित गौड़, एसपी सिटी, पीडी डीआरडीए, सीएमओ नीता कुलश्रेष्ठ आदि मौजूद रहे।
गोवंश आश्रय स्थल पर रखा जाएगा रजिस्टर
सचिव संजय कुमार ने गोवंश आश्रय स्थलों पर रजिस्टर रखने के निर्देश दिए। रजिस्टर में प्रत्येक गोवंश का स्वास्थ्य संबंधी डाटा एवं मृत गोवंश की पोस्टमार्टम रिपोर्ट अंकित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने उप निदेशक कृषि को किसान सम्मान निधि की अगली किस्त से वंचित लाभार्थियों का डाटा अति शीघ्र दुरुस्त कराने के सख्त निर्देश दिए।