फिरोजाबाद। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बृहस्पतिवार से चिह्नित सड़कों से लिए गए धूल के कण के नमूनों के परीक्षण का कार्य शुरू करा दिया। फिलहाल डस्ट के नमूनों को दस अलग-अलग श्रेणी में रखा गया। सभी नमूनों की नमी सुखाई जा रही है।
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के निर्देश पर टीटीजेड एरिया में आवागमन के कारण जिन सड़कों पर धूल उड़ती है। इन सड़कों पर धूल के मापन का कार्य कराया जा रहा है। ताकि टीटीजेड एरिया के वायु मंडल में घुलनशील बेहद कम वजन वाले धूल के कणों का मापन किया जा सके। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा धूल मापन के लिए टूंडला थाना क्षेत्र के उसायनी चौराहा से लेकर जिले में टीटीजेड एरिया के अंतिम छोर दबरई-विजयपुरा चौराहा तक दस स्थलों को चिह्नित किया था। मंगलवार व बुधवार को डस्ट मापन के लिए चिह्नित सड़कों से नमूनों का संकलन किया गया। नमूना संकलन की प्रक्रिया पूर्ण कराने के बाद क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा उक्त नमूनों की नमी को सुखाने का कार्य किया जा रहा है।
जिन दस सड़कों से डस्ट का नमूना संकलित किया गया है। इन सभी को अलग-अलग श्रेणी में निर्धारित कर नमी सुखाने का कार्य शुरू किया है। नमी सुखने के बाद 75 मिलीग्राम से कम वजन वाली डस्ट का आनुपातिक योग निकालकर मुख्यालय भेजेंगे जिससे धूल के कणों का प्रतिशत जाना जा सके।
डॉ मनोज कुमार - क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड