फिरोजाबाद। नगर निगम के निर्माण विभाग और गेल के अधिकारियों की लापरवाही शहर की 60 हजार की आबादी पर भारी पड़ रही है। गेल इंडिया द्वारा बंबा बाईपास मार्ग पर गैस पाइप लाइन डालते के दौरान सोमवार को फिर अंडर ग्राउंड पेयजल लाइन टूट गई। वार्ड नंबर पांच के कई मोहल्लों में मंगलवार सुबह भी दूषित जलापूर्ति हुई। यह मोहल्ले सात अक्तूबर से दूषित जलापूर्ति की समस्या से परेशान हैं। वहीं सर्कुलर रोड पर नाला खोदाई के दौरान टूटे पेयजल कनेक्शन मंगलवार को भी ठीक नहीं हो सके। मंगलवार को इन क्षेत्रों में भी दूषित पानी की आपूर्ति हुई।
वार्ड नंबर पांच मोहल्ला सरजीवन नगर, आंबेडकर पार्क, सम्राट नगर, नगला मिर्जा बड़ा के आंशिक क्षेत्र में सात अक्तूबर से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। समस्या को लेकर 11 अक्तूबर को सैलई चौराहा पर पार्षद मायादेवी के साथ महिलाओं ने धरना भी दिया था। अधिकारियों ने समस्या के निस्तारण का आश्वासन देकर पाइप लाइन को 12 अक्तूबर को ठीक करा दिया था। लेकिन सोमवार रात को पेट्रोल पंप के पास गैस की पाइप लाइन डालने के दौरान करीब तीन स्थानों पर पांच मीटर लंबी पेयजल लाइन तोड़ दी गई। मंगलवार को सुबह हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। मंगलवार को सुबह क्षेत्रीय लोगों को मंगलवार सुबह दूषित पानी की सप्लाई मिली।
सर्कुलर रोड पर भी टूटे पाइप
सर्कुलर रोड पर नाला निर्माण भी लापरवाही के साथ किया जा रहा है। अस्थायी नाला तैयार करने के लिए सोमवार शाम को जेसीबी से की गई खोदाई में फिर से कई पानी कनेक्शन के पाइप टूटने के कारण मोहम्मदपुर और चौकीगेट में रहने वाली करीब छह की आबादी दूषित पानी का दंश पांच अक्तूबर से झेल रही है। मंगलवार को भी इन क्षेत्रों में गंदा पानी पहुंचा।
नगर निगम की लापरवाही के कारण क्षेत्र में पानी का संकट बना हुआ है, जो पानी आ रहा है जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बन गया है। इस तरह मानकों को ताक पर रख कर नाला निर्माण का कार्य कराया जा रहा है उससे समस्या का निस्तारण जल्द होता नजर नहीं आ रहा।
मोहम्मद आमिर - निवासी मोहम्मदपुर
प्रतिदिन 50 से 60 रुपये का पानी खरीदकर पीने को विवश होना पड़ रहा है। रास्ता भी अवरुद्ध कर दिया है। जिससे कहीं और से पानी भरकर भी नहीं ला सकते। कोई सुनवाई करने वाला नहीं है।
तारिक हुसैन-निवासी मोहम्मपुर
गैस पाइप लाइन डालते समय कर्मचारियों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। सोमवार रात को भी लाइन तोड़ दी। अधिकारियों से बात की जा रही है। यदि लाइन को ठीक नहीं कराया गया तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। मोहम्मदपुर में 11 स्थानों पर कनेक्शन टूटे मिले थे, जिनको टीम भेजकर दोपहर दो बजे तक ठीक करा दिया गया है।
रामबाबू राजपूत, महाप्रबंधक जलकल