सदर बाजार में सड़क निर्माण कार्य के दौरान टूटे पड़े पानी के कनेक्शनों से सड़क पर बर्बाद होता पानी
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। सदर बाजार में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। रविवार रात को खोदे जा रहे फुटपाथ के दौरान कई स्थानों पर पाइपलाइन टूट गई। इससे लोगों सोमवार की सुबह पानी नहीं मिल सका। इस दौरान पानी सड़क पर बहता दिखाई दिया। मामले की जानकारी होने पर अफसरों ने मौके पर निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को शीघ्र ही लाइनों को ठीक कराने के निर्देश दिए हैं।
सड़क चौड़ीकरण के लिए कार्यदायी संस्था द्वारा फुटपाथ को 15 सेंटीमीटर गहराई तक जेसीबी से खोदा जा रहा है। इसके चलते कई स्थानों पर पाइपलाइन टूट गई। इससे लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वहीं लोगों में कार्यदायी संस्था की लापरवाही को लेकर आक्रोश भी है। सोमवार को क्षेत्रीय लोगों द्वारा विरोध आदि भी किया गया। इस पर नगर आयुक्त विजय कुमार, निर्माण विभाग के एक्सईएन अतुल पांडेय ने अवर अभियंता और सहायक अभियंताओं के साथ मार्ग के चौड़ीकरण का निरीक्षण करने के साथ ही कार्यदायी संस्था को टूटी लाइनों को शीघ्र ही ठीक कराने के निर्देश दिए। इधर एक्सईएन अतुल पांडेय ने बताया कि चौड़ीकरण के लिए 15 सेंटीमीटर गहराई तक फुटपाथ को खोदा जा रहा है। जेसीबी से खोदाई के दौरान कई लोगों की पाइपलाइन टूट गई है। उनको ठीक कराने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं।