फिरोजाबाद। वेलेंटाइन वीक में बाजार में उत्साह है। सोमवार को चॉकलेट डे मनाया। रिश्तों में मिठास घोलने के बाद अब मंगलवार यानी आज टेडी डे मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसके लिए बाजारों में रंग-बिरंगे और सॉफ्ट टेडी वियर की धूम मची हुई है।
सोमवार को चॉकलेट डे पर युवाओं में खास उत्साह रहा। दोस्तों ने दोस्ती के नाम तो प्रेमी जोड़ों और पति-पत्नी ने एक-दूसरे को चॉकलेट भेंट कर प्यार का इजहार किया। शहर के शास्त्री मार्केट और छिंगामल का बाजार में गिफ्ट पैक और फ्लेवर्ड चॉकलेट्स की जमकर बिक्री हुई।
150 से 4500 रुपये तक के टेडी बाजार में उपलब्ध
मंगलवाल मनाए जाने वाले टेडी डे को लेकर शहर के गिफ्ट सेंटर्स पूरी तरह सज चुके हैं। खासतौर पर शास्त्री मार्केट में ग्राहकों की भारी भीड़ देखी जा रही है। रेड, पिंक और व्हाइट कलर के टेडी सबसे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। बाजार में छोटे टेडी 150 रुपये से शुरू होकर, बड़े साइज के आलीशान टेडी 4500 रुपये तक की रेंज में उपलब्ध हैं।
म्यूजिकल और कपल टेडी बने आकर्षण का केंद्र
शास्त्री मार्केट के विक्रेता सोनी और राहुल कुमार ने बताया कि इस बार म्यूजिकल टेडी (कीमत 600-1200 रुपये) और आई लव यू लिखे हुए टेडी युवाओं की पहली पसंद बने हुए हैं। इसके अलावा लाइट वाले टेडी, हार्ट शेप और कपल टेडी की भी अच्छी खासी डिमांड है। दुकानदारों को उम्मीद है कि वेलेंटाइन डे तक बाजार में यह रौनक और बढ़ेगी।