फिरोजाबाद। अटल आवासीय विद्यालय में निशुल्क शिक्षा-दीक्षा के लिए लिखित परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले निर्माण श्रमिकों के बच्चों का प्रवेश परीक्षा परिणाम चुनाव आचार संहिता के कारण अधर में लटक गया है। प्रवेश परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने के कारण अभ्यर्थी बच्चे सहायक श्रमायुक्त कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
उत्तर प्रदेश भवन निर्माण एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को निशुल्क शिक्षा-दीक्षा के लिए अटल आवासीय विद्यालय किरावली आगरा में स्थापित किया गया है। उक्त विद्यालय में प्रवेश के लिए जिला के करीब 360 श्रमिक बच्चों ने प्रवेश परीक्षा दी थी। करीब दो माह पूर्व आयोजित की गई प्रवेश परीक्षा का परिणाम आदर्श चुनाव आचार संहिता के कारण अधर में लटक गया है। प्रवेश परीक्षा परिणाम जानने को छात्र व उनके अभिभावक आए दिन सहायक श्रमायुक्त कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अटल आवासीय विद्यालय में कक्षा पांच और छह में प्रवेश के लिए जिला के 120 छात्रों की संख्या निर्धारित है। वहीं उप श्रमायुक्त आगरा राकेश द्विवेदी के मुताबिक अटल आवासीय विद्यालय में अध्ययन को प्रवेश परीक्षा देने वाले छात्रों के परिणाम जारी करने के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है। अनुमति मिलने के बाद प्रवेश परीक्षा परिणाम जारी कर दिया जाएगा।