फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक मडुआ माता मंदिर में परिवार के साथ पूजा-अर्चना करने जा रहे श्रद्धालुओं का ई-रिक्शा अचानक पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार 10 वर्षीय आयुष की मौत हो गई। जबकि नौ वर्षीय मयंक गंभीर घायल हो गया।
गांव परोली निवासी गौरा रविवार को थाना बसई मोहम्मदपुर के गांव गढ़ी तिवारी स्थित अपने मायके आई थीं। सोमवार सुबह वह अपने बेटे की मन्नत पूरी करने और पूजा देने के लिए मडुआ माता मंदिर जा रही थीं। उनके साथ 10 वर्षीय भतीजा आयुष, नौ वर्षीय मयंक पुत्र टिंकू, मां हिरनश्री, छोटेलाल, राहुल, प्रदीप, ऊषा, नीतू, आयुष की मां रामसखी और दादी भूरीदेवी सहित अन्य परिजन भी ई-रिक्शा में सवार थे।
जैसे ही सभी लोग मंदिर के निकट पहुंचे, तभी ऊंचाई पर चढ़ने के दौरान सवारियों से ओवरलोड ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान ई-रिक्शा के नीचे दबकर दोनों चचेरे भाई आयुष और मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत दौड़कर ई-रिक्शा को सीधा किया और दबे हुए दोनों बच्चों को बाहर निकाला।
परिजन दोनों मासूमों को तुरंत ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद 10 वर्षीय आयुष को मृत घोषित कर दिया। मयंक को वार्ड में भर्ती कर उसका उपचार शुरू कर दिया गया है।
मृतक के ताऊ राजेश ने बताया कि आयुष तीन भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर का था और कक्षा तीन में पढ़ता था, जबकि उसके पिता धर्मेंद्र आगरा में टेंट का काम करते हैं। सीओ सदर तेजस त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।