पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में गारद की सलामी लेते मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार साथ में डीएम,एसएसपी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत में हर चुनाव पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से कराए जाते हैं। बिहार विधानसभा चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने पाएगी। पूरी पारदर्शिता से यह चुनाव भी होगा। बिहार राज्य की मतदाता सूची का 2003 के बाद परीक्षण नहीं हो सका था। उसका परीक्षण जुलाई से अगस्त माह के बीच कराया जा रहा है। एक लाख से अधिक बूथ स्तरीय अफसर लगाए गए हैं। राजनीतिक दलों की ओर से भी सहयोग किया जा रहा है।
शनिवार को फिरोजाबाद क्लब में माथुर वैश्य महासभा के स्नेह मिलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान बिहार विधानसभा चुनाव के संदर्भ में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि किसी भी चुनाव से पहले मतदाता सूची का अपडेट करना आवश्यक है। बिहार में एक जनवरी 2003 को मतदाता सूची का परीक्षण हुआ था। उस समय जिन लोगों का नाम मतदाता सूची में आया था, उनकी पात्रता की जांच की गई थी और उनके नाम शामिल किए गए थे।