फिरोजाबाद। चेहल्लुम का जुलूस इस बार नहीं निकलेगा। बल्कि शासन की गाइडलाइन के हिसाब से इमामबाड़ा के साथ अपने घरों में लोग प्रोग्राम करेंगे। नगर मजिस्ट्रेट एवं सीओ सिटी ने कोटला मोहल्ला स्थित इमामबाड़ा में पहुंचें और जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया।
चेहल्लुम के जुलूस को लेकर गत दिवस शिया समुदाय के अध्यक्ष ने एसपी सिटी मुकेशचंद्र मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट कुंवर पंकज सिंह को पत्र दिया था। मंगलवार को सीओ सिटी हरिमोहन सिंह एवं नगर मजिस्ट्रेट पंकज सिंह मोहल्ला कोटला स्थित इमामबाड़ा पर पहुंचे। क्षेत्र का निरीक्षण किया।
उन्होंने इस दौरान शिया समुदाय के अध्यक्ष मंसूर रिजबी व करबला कमेटी के अध्यक्ष हिकमत उल्ला खां सहित अन्य लोगों से चेहल्लुम के जुलूस के संबंध में चर्चा की। कोरोना संक्रमण के चलते जुलूस को नहीं निकालने का फैसला लिया गया। शिया समुदाय के अध्यक्ष मंसूर रिजबी ने सभी से आह्वान किया कि वह इमामबाड़ा के साथ घरों में प्रोग्राम कर तबर्रुक तक्सीम करें। हिकमत उल्ला खां ने सभी लोगों से भी मास्क का प्रयोग करने, सामाजिक दूरी का पालन करने का आह्वान किया।