व्यापारी के गले से सोने की चेन लूट ले गए बाइक सवार
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसागंज। सिरसागंज नगर के मुख्य मार्ग इटावा रोड पर बदमाशों ने तड़के बारदाना व्यापारी के गले से चेन तोड़कर फरार हो गये। रविवार सुबह हुई घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना रविवार सुबह आठ बजे की है। बैंक आफ इंडिया के सामने रहने वाले प्रतीक गुप्ता वारदाना व्यापारी हैं। वह सुबह अपने घर से रोजाना की तरह बाहर टहल रहे थे, तभी दो सवार बदमाश पहले उनके आगे से गुजरे, इसके बाद कुछ दूर जाकर एक निजी बैंक के सामने से उन्होंने अपनी बाइक को मोड़ा। प्रतीक गुप्ता के पास आते ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले की चेन पर झपट्टा मारकर उसे तोड़ लिया और करहल रोड की ओर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। प्रतीक गुप्ता ने पुलिस को बताया कि एक बदमाश हेलमेट पहने था जबकि पीछे बैठा बदमाश अंगोछे से अपना मुंह बांधे था। सिरसागंज थानाप्रभारी शिव कुमार चौहान का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, जांच की जा रही है।