फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: चैंपियंस ट्राॅफी में भारत की जीत का जश्न...आतिशबाजी की चिंगारी से मकान में लगी आग, वृद्ध की दर्दनाक माैत

Mon, 10 Mar 2025 09:53 PM IST
अरुन पाराशर संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद

सार

आतिशबाजी के दाैरान पटाखे की चिंगारी से मकान में आग लग गई। परिवार के लोगों ने लपटों पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। दमकल माैके पर पहुंच गई। लोगों को बाहर निकाला। वृद्ध ऊपर की मंजिल पर फंसे रह गए। 
 
विज्ञापन
मृतक का फाइल फोटो व मकान से उठ रही लपटें। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र के मोहल्ला दुली में पटाखे की चिंगारी से रविवार रात तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। हादसे में दम घुटने से एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान विनोद कुमार बंसल (71) के तौर पर हुई है। भारतीय क्रिकेट टीम के चैंपियंस ट्रॉफी जीतने पर लोग जश्न मना रहे थे। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी से घर में आग लग गई। पुलिस मामले की जांच कर रह है।

विज्ञापन

विनोद कुमार बंसल (71) परिवार के साथ मोहल्ला दुली में रहते थे। उनके बेटे धीरज, विकास व आशीष की बाजार में फुटवियर की दुकानें हैं। रविवार रात तीनों दुकान बंद कर घर पहुंचे और खाना खा रहे थे। मकान के भूमि तल पर दुकान का सामान रखा था। भारत के चैंपियंस ट्रॉफी जीतते ही आतिशबाजी शुरू हो गई। इसी बीच चिंगारी उड़कर विनोद बंसल के घर में आई और आग लग गई। देखते-देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। लोगों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए।

 

फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी सूचना देने के करीब 45 मिनट बाद पहुंची। तब तक आग ने पूरी इमारत को अपनी जद में ले लिया था। फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने घर में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर बाहर निकालना शुरू किया। सभी को सकुशल बाहर निकाल लिया गया लेकिन वृद्ध विनोद बंसल दूसरी मंजिल पर फंसे रहे।

आग पर काबू पाने के लिए आसपास के स्टेशनों से भी दमकल बुलाई गईं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पूछताछ में दमकल कर्मियों को पता चला कि विनोद दूसरी मंजिल पर बाथरूम में फंसे हैं। इस पर एक्सटेंशन लैडर (सीढ़ी) लगाकर खिड़की के रास्ते एफएसओ दुर्गेश कुमार, फायरमैन जितेंद्र पाल, अंकित कुमार घर में घुसे गए और अचेत अवस्था में पड़े विनोद बंसल को बाहर निकालकर ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने दम घुटने से मौत का कारण बताया है।

 

घटना की सूचना पर सीओ सिटी अरुण कुमार चौरसिया, सीएफओ सत्येंद्र पांडेय, उत्तर, दक्षिण और अन्य थानों के फोर्स के अलावा क्षेत्रीय पार्षद प्रमोद राजौरिया, समाजसेवी प्रदीप दीक्षित उर्फ कल्लू मौके पर पहुंचे। सोमवार सुबह नगर विधायक मनीष असीजा भी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने प्रशासनिक टीम को मौके पर बुलाकर सहायता राशि दिलवाने का आश्वासन दिया है।

विज्ञापन

सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि उत्तर क्षेत्र में एक मकान में आग लग गई थी। पूछताछ में पटाखे की चिंगारी से आग लगने की बात बताई गई है। फिर भी जांच की जा रही है। आग की चपेट में आने से एक वृद्ध की दम घुटने से मौत हो गई। परिजन ने उनका पोस्टमार्टम नहीं कराया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें