फिरोजाबाद। निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों पर सर्दी से बचाव के लिए समुचित व्यवस्थाएं नहीं कराने पर तीन पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित अवधि में जवाब नहीं देने पर संबंधितों के निलंबन की चेतावनी भी दी गई है।
मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने गत दिवस ग्राम पंचायत नगला किरार एवं गिडौरा में निर्माणाधीन अस्थाई गौवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान आश्रय स्थल प्रकाश, पानी एवं चारा आदि की व्यवस्था ठीक नहीं मिली। अस्थाई आश्रय स्थल पर कोई निराश्रित गोवंश भी नहीं मिला।
डीपीआरओ ने पंचायत सचिव जितेद्र कुमार को कठोर चेतावनी के साथ कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर निलंबन की चेतावनी भी दी गई है। वहीं गत दिवस ग्राम पंचायत अरांव खुर्द एवं सैंदलपुर पहुंचे बीडीओ मदनपुर को गोवंश आश्रय स्थल पर भी खामियां मिलीं। बुलाए जाने पर पंचायत सचिव नीतेश सक्सेना मौके पर नहीं पहुंचे।
बीडीओ मदनपुर के अनुसार सैदलपुर आश्रय स्थल पर गोवंश के लिए कोई व्यवस्था न होने पर संबंधित पंचायत सचिव का वेतन रोकने की संस्तुति के साथ ही व्यवस्था में सुधार नहीं कराने पर निलंबन की चेतावनी दी गई।
सीडीओ को मिली खामियां
शनिवार को सीडीओ नेहा जैन ने आरोंज, उरमरा जाट एवं नसीरपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान आरोंज में चल रहे मनरेगा कार्य स्थल पर सीआईबी बोर्ड नहीं लगा था यही नहीं श्मशान गृह के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग होते मिला। डीपीआरओ को जांच के निर्देशों के साथ ही पंचायत सचिव को कठोर चेतावनी निर्गत की गई है। नसीरपुर में लाइब्रेरी के निर्माण में लापरवाही मिली। सीडीओ के निर्देश पर पंचायत सचिव को चेतावनी जारी की गई है।