शैक्षणिक सत्र 2025-26 में स्कूलों को इस पाठ्यक्रम के आधार पर ही पढ़ाना है
लैंड ट्रांसर्पोटेशन, इलेक्ट्रॉनिक्स हार्डवेयर, डिजाइन थिंकिंग एंड इनोवेशन, फिजिकल ट्रेनर एक्टिविटी को जोड़ा गया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र (2025-26) के लिए नौवीं से बारहवीं कक्षाओं के लिए पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। बारहवीं के पाठ्यक्रम में बोर्ड ने स्किल इलेक्टिव विषयों के ग्रुप में चार विषयों को जोड़ा है, इनमें लैंड ट्रांसपोर्टेशन एसोसिएट, इलेक्ट्रॉनिक्स हार्डवेयर, डिजाइन थिंकिंग एंड इनोवेशन व फिजिकल एक्टिविटी ट्रेनर शामिल हैं।
बारहवीं के इन चारों स्किल इलेक्टिव विषयों में पचास अंकों की थ्योरी व पचास अंकों का प्रैक्टिकल होगा। इन विषयों को जोड़ने के पीछे बोर्ड का उद्देश्य बच्चों को किताबी ज्ञान देने के साथ-साथ काम करने के लिए जरूरी चीजें भी सिखाना है।
नौवीं व दसवीं के पाठ्यक्रम में दो भाषा (एक भाषा अनिवार्य व एक अन्य भाषा), सोशल साइंस, गणित, साइंस कोर विषयों के अलावा व वैकल्पिक विषय के रूप में किसी स्किल विषय व हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन, आर्ट एजुकेशन को पढ़ना होगा। वहीं, अब छात्रों को तीन स्किल-आधारित सब्जेक्ट्स स्कूल कंप्यूटर ऐप्लिकेशन, इंफोर्मेशन टेक्नोलॉजी, व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में से भी एक का चुनाव करना होगा। इस नए पाठ्यक्रम के आधार पर छात्रों का मूल्यांकन होगा।
ग्यारहवीं-बारहवीं के पाठ्यक्रम में भाषा, ह्यूमेनिटीज, मैथमेटिक्स, साइंस, स्किल सब्जेक्ट, जनरल स्टडीज व हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन शामिल है। मालूम हो कि सीबीएसई की ओर से प्रत्येक वर्ष सत्र की शुरूआत से पहले ही पाठ्यक्रम को जारी किया जाता है, जिससे कि शुरूआत से पहले ही छात्रों को पता हो कि उन्हें क्या पढ़ना है और शिक्षकों को पता हो कि उन्हें क्या पढ़ाना है। बोर्ड की ओर से इस पाठ्यक्रम को वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। स्कूल इसे वेबसाइट से डाउनलोड करके शिक्षकों व छात्रों के साथ साझा कर सकते हैं।