सारा के शरीर पर किन-किन स्थानों पर चोटी थी और उसकी मौत का कारण कौन सी चोट बनी। इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए सोमवार को दिल्ली से सीबीआई की एक टीम जिला अस्पताल पहुंची। टीम ने पोस्टमार्टम हाउस को चैक कर फोटोग्राफी भी की।
सारा हत्याकांड के प्रत्येक बिंदु पर सीबीआई जांच कर रही है। सोमवार को जिला अस्पताल पहुंची सीबीआई टीम का फोकस पोस्टमार्टम हाउस के साथ सारा के शव का पोस्टमार्टम करने वाली टीम पर था। टीम ने अस्पताल पहुंचते ही पोस्टमार्टम हाउस को बारीकी से देखा। टीम के सदस्यों ने फोटोग्राफी भी कराई। इतना नहीं उस स्थान को भी चैक किया, जहां सारा का शव रखा गया था। सारा के शव का पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक पंकज राकेश के साथ फार्मासिस्ट देवेंद्र सिंह से पूछताछ की। सूत्रों की मानें तो सारा के शरीर पर कहां-कहां चोट के निशान थे? और मौत का कारण कौन सी चोट बनी? पर भी सीबीआई टीम ने चिकित्सक से पूछताछ की। इस दौरान अस्पताल कर्मी ज्ञान चंद्र से कोई पूछताछ नहीं की गई। इसका कारण ज्ञान चंद्र से सीबीआई टीम द्वारा सिरसागंज स्थित होटल में पहले ही पूछताछ करना माना जा रहा है।
स्थानीय अधिकारियों से भी नहीं किया संपर्क
इस बार टीम ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से भी संपर्क नहीं किया। टीम सरकारी गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंची। टीम करीब तीन घंटे तक अस्पताल में रुकी।