-रपड़ी में गाय के दो बछड़ों को आरोपियों ने बांधा था
-पुलिस ने ग्रामीणों संग मिलकर बछड़ों को कराया था मुक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। रपड़ी में गाय के बछड़ों को कमरे में बोरों में बांधकर रखने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ थाना नसीरपुर में केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना नसीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत गांव रपड़ी निवासी प्रमोद यादव ने पुलिस को सूचना दी थी कि मोहमद्दीन के मकान के घेर में गाय के दो बछड़ों को बोरे से ढककर रस्सी से बांधकर रखा हुआ है। यह सूचना मिलने के बाद नसीरपुर पुलिस एवं सीओ सिरसागंज अनिमेष कुमार भी मौके पर पहुंच गए थे। मौके पर पुलिस को बताया गया कि चार भाइयों तसलीम, सगीर, बबलू, जमील एवं कलमा निवासीगण गांव रपड़ी ने बछड़ों के पैरों एवं मुंह को रस्सी से बांधकर उन्हें बोरोें से ढका हुआ था। ये पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस ने ग्रामीणों संग मिलकर बछड़ों को बंधकमुक्त कराया। साथ ही तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।