शिकोहाबाद। छह सितंबर को स्टेशन रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल में महिला की डिलीवरी के 24 घंटे बाद हालत बिगड़ने से मौत हो गई। इससे नाराज घरवालों ने अस्पताल में हंगामा किया और तोड़फोड़ कर स्टेशन रोड जाम कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस दोनों मुकदमों में जांच कर रही है। सिरसागंज के गांव पिड़सरा निवासी सुनीता को परिवारीजन प्रसव के लिए स्टेशन रोड स्थित विवेक प्रिया अस्पताल में लाए। यहां प्रसव के बाद उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और अस्पताल में तोड़फोड़ की। स्टेशन रोड पर जाम लगा दिया। इस मामले में डीएम ने भी चार सदस्यीय टीम को जांच करने के निर्देश दिए थे।
वहीं पुलिस ने पीड़ित अजय कुमार की तहरीर पर अस्पताल के दो चिकित्सकों के खिलाफ उपचार में लापरवाही करते हुए महिला की मौत के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अस्पताल की डॉ. प्रिया यादव की तहरीर पर महिला के साथ आए तीमारदारों के खिलाफ बलवा और तोड़फोड़ का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि अजय की तहरीर पर डॉ. विवेक यादव और डॉ. प्रिया यादव के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है, जबकि डॉ. प्रिया यादव की तहरीर पर हरिओम, अजय, अंशुल, डॉ. देवेश यादव, देवेश के भाई, विकास डीलर के अलावा 20 लोग अज्ञात हैं।