फिरोजाबाद। युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से पॉलीटेक्निक चलो अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत अधिक से अधिक संख्या में युवाओं को पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कराना है। प्रधानाचार्य हरीशंचंद्र ने बताया कि वर्ष 2025-26 में पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा में प्रतिभाग करने के लिए युवाओं को http://jeecup.admissions.nic.in पर आवेदन करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया 15 जनवरी से चल रही है। इसकी अंतिम तिथि 30 अप्रैल है। आवेदन के लिए सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को तीन सौ रुपये एवं अनुसूचित जाति, जनजाति के लिए दो सौ रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। समूह ए, बी व सी के लिए हाईस्कूल की परीक्षा दे रहे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
दो वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम (लेटरल इंट्री) में प्रवेश के लिए इंटरमीडिएट विज्ञान, व्यावसायिक प्राविधिक विषयों के साथ उत्तीर्ण होना चाहिए। हाईस्कूल के साथ दो वर्ष आईटीआई या इंटरमीडिएट के अंतिम वर्ष की परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी के-1 से के-8 तक आवेदन कर सकते हैं। एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए स्नातक या अंतिम वर्ष की परीक्षा देने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे। ग्रुप एल के लिए इंजीनियरिंग में डिप्लोमा के साथ दो वर्ष का अनुभव, बीएससी में भौतिक विज्ञान अथवा रसायन विज्ञान, बीई, बीटेक के साथ दो वर्ष का अनुभव होना चाहिए। जलेसर रोड फिरोजाबाद में प्रथम वर्ष में कुल प्रवेश क्षमता 225 व राजकीय पॉलीटेक्निक भौडेला में 225 की प्रवेश क्षमता है