नगर निगम के जलकल विभाग में धूल मांग रहे नए वाहन
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शहर की सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम ने करीब 58 वाहन तो खरीद लिए लेकिन विभागीय अधिकारी अभी तक चालकों की व्यवस्था नहीं कर सके हैं। अब लाखों रुपये की कीमत के ये वाहन खुले आसमान के नीचे खड़े हैं। देखरेख के अभाव में इन वाहनों पर धूल जम रही है और अधिकारी बेखबर बने हुए हैं।
शहर में प्रतिदिन 283 मीट्रिक टन कूड़ा निकलता है। गली-मोहल्लों से निकलने वाले कूड़े को शहर के सार्वजनिक स्थानों पर बनाए गए डलाबघरों पर डाला जाता है अथवा गली-मोहल्लों के नुक्कड़ों पर एकत्रित किया जाता है। ऐसे म्रें शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर निगम द्वारा 15वें वित्त की धनराशि से 58 वाहनों को जून माह के पहले सप्ताह में खरीदा गया। इनमें 50 टिपर और आठ कांपेक्टर है। नगर निगम ने वाहन तो खरीद लिए लेकिन चालकों का इंतजाम आज तक नहीं हो सका। चालकों के अभाव में वाहन जलकल विभाग परिसर में खड़े हैं और इन पर अब धूल जमना शुरू हो गई है। एक्सईएन अतुल पांडेय का कहना है कि एक कंपनी को वाहनों के संचालन का ठेका दिया गया है। वर्कऑर्डर की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही वाहनों से कूड़ा उठवाने की कार्रवाई शुरू करा दी जाएगी।