फिरोजाबाद। थाना टूंडला क्षेत्र के राजा का ताल निवासी हार्डवेयर कारोबारी के बेटे को कार सवार चार बदमाश मंगलवार रात अपहरण कर ले गए। रास्ते में उसे जमकर पीटा। जान से मारने की धमकी भी दी। बदमाशों ने पकड़े जाने के डर से उसे देर रात नाेएडा में परी चौक के आगे सूनसान स्थान पर छोड़कर भाग निकले। इटावा के एक व्यक्ति के साथ वह बस से यमुना एक्सप्रेस वे स्थित खंदौली टोल प्लाजा पर पहुंचा। वहां से परिजन उसे घर लेकर आए। किशोर अगवा करने वालों के बारे में कुछ बता नहीं सका। राजा का ताल निवासी कारोबारी संतोष यादव (भैया जी ट्रेडर्स) ने बताया कि उनका कक्षा आठ में पढ़ने वाला 13 वर्षीय पुत्र प्रिंस मंगलवार रात आठ बजे छोटी बहन के लिए पापकार्न खरीदने घर से 500 मीटर की दूरी पर गया था। वहां से घर लौटते समय कार सवार चार युवकों ने उसे मीरा चौराहे का पता पूछने के बहाने रोका। बेटे के रुकने पर उसे जबरन कार में बिठा दिया। इसके बाद वे उसे अपहरण कर ले गए। रास्ते में उसकी पिटाई की गई। इससे उसके घुटने और गले में चोट आई है। रास्ते में बदमाश उससे परिजन के बारे में पूछते हुए जा रहे थे। उनका कहना था कि अभी तो ट्रेलर है, फिल्म बाकी है। कार सवार बदमाश किशोर को नोएडा के परी चौक के आगे सुनसान स्थान पर ले जाकर छोड़ कर भाग गए।
इसके बाद उनका बेटा परी चौक पहुंचा। वहां इटावा जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे व्यक्ति को घटना की जानकारी दी। किशोर के घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इस बीच रात एक बजे इटावा के व्यक्ति ने अपने मोबाइल से किशोर की बात उसके परिजन से कराई। परिजन बुधवार सुबह 4.30 बजे घर लेकर पहुंचे।
- आज बालक के परिजन थाने गए थे। उसका कहना है कि कल कार में बैठाकर कुछ लोग ले गए थे। लेकिन कल से आज तक परिजन ने कोई भी गुमशुदगी की सूचना नहीं दी। हालांकि फिर भी कैमरे के फुटेज व मोबाइल की लोकेशन खंगाली जा रही है। - रविशंकर प्रसाद, एसपी सिटी