फिरोजाबाद। मकर संक्रांति के बाद 16 जनवरी से शादियों की शुरुआत हो जाएगी। सहालग होने से ऑटोमोबाइल, मेवा, टेंट, किराना व सोना-चांदी कारोबारियों को अच्छा व्यापार मिलने की संभावना है। शहर में प्रतिदिन औसतन 80 से 100 शादियां होंगी। अयोध्या में राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षगांठ यानी 22 जनवरी को शहर में बड़ी संख्या में शादियां होंगी। वहीं, वसंत पंचमी पर 2 फरवरी को 100 से अधिक विवाह होंगे। इसके लिए होटल, गेस्ट हाउस, लॉन में बुकिंग शुरू हो गई है। तीन महीने में 29 दिन सहालग होने से बाजारों को भी कारोबार की अच्छी उम्मीद है।
इवेंट एजेंसी संचालक हिमांशू शर्मा ने बताया कि शादी समारोहों से ही टेंट-पंडाल और इससे जुड़े उत्पादों को काम मिलता है। शहर में पांच सौ से ज्यादा शादियां होने का अनुमान है। इसके लिए कारोबारी भी अच्छी तैयारी कर रहे हैं।
लोग सजावट के लिए थीम के अनुसार पंडाल का ऑर्डर दे रहे हैं। किराना व्यापारी शिवम जैन का कहना है कि इस बार बंपर शादियां हैं। इसके लिए मेवा बाजार को भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। कपड़ा व्यापारी मोंटी जैन का कहना है कि शादी समारोहों के लिए कारोबारियों ने अच्छी तैयारी शुरू की है। जनवरी में अच्छी ठंड के अनुमान के चलते गर्म कपड़ों का अच्छा स्टाक किया गया है। बाजार में गर्म कपड़ों की मांग भी है। शादी समारोहों से अच्छे कारोबार की उम्मीद है।